भारत के उभरते सौ लीडरों को छांटने में रिलायंस की भागीदारी की क्या जरूरत?

21 नवंबर 2026  

 

दुनिया की एक जानी-मानी समाचार पत्रिका, टाईम ने अभी भारत के सौ उभरते हुए लीडर्स की एक लिस्ट बनाई है। इसमें मनोरंजन, कला, विज्ञान, कारोबार, खेल, सामाजिक बदलाव, और दूसरे क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। पत्रिका के इस विशेष अंक के लिए कुछ बहुत जाने-माने लोगों ने छांटे लोगों पर लेख भी लिखे हैं। इस पत्रिका के दुनिया के सालाना व्यक्तित्व की खासी चर्चा होती है कि कौन इसके कवर पेज पर जगह पाते हैं। हर बरस इस पत्रिका के चयन की खबरों को देखने वाले लोगों को याद होगा कि दशकों पहले अपने जीवन में गांधी को भी एक से अधिक बार टाईम के मुख पृष्ठ पर प्रकाशित किया गया था। अभी जिन लोगों को छांटा गया है, उनमें आलिया भट्ट, तापसी पन्नू, आर्यन खान, अनंत गोयनका, उनके अखबार की रिपोर्टर रितिका चोपड़ा (चुनाव आयोग की रिपोर्टिंग वाली), जैसे बहुत से नाम हैं। इनमें एक नाम न होने को लेकर सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ी हुई है, वह नाम है जंतर-मंतर के आंदोलन से खबरों में आने वाली जेएनयू की नेता, और एक वामपंथी छात्र संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा का। जब सौ उभरते हुए भारतीय लीडरों की लिस्ट में नेहा बोरा का नाम नहीं दिखा, तो लोगों ने अंदाज लगाना शुरू किया कि ऐसा क्यों हुआ है। तब किसी ने याद दिलाया कि यह लिस्ट टाईम पत्रिका ने रिलायंस के साथ मिलकर तैयार की है, और इस बात की घोषणा भी की गई है। इस पत्रिका ने अभी दो दिन पहले इस लिस्ट की घोषणा के समय यह उजागर किया है कि रिलायंस इस लिस्ट की प्रेजेंटिंग पॉर्टनर है। इसके पहले भी इस लिस्ट की मूल घोषणा में अप्रैल के महीने में इस पत्रिका ने लिखा था कि यह सूची और यह आयोजन रिलायंस के साथ साझेदारी में किए जा रहे हैं। मुम्बई में यह आयोजन जिओ के सभागृह में होने वाला है, और इस लिस्ट को बनाने की घोषणा अमरीका में पत्रिका की सीईओ ने की थी, और भारत में रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष नीता अंबानी ने। पत्रिका यह भी कहती है कि इस लिस्ट के लिए लोगों को छांटने का काम दुनिया भर में बिखरे हुए इसके पत्रकार करते हैं, लेकिन जब हमने ढूंढने की कोशिश की, तो कहीं भी इस पत्रिका का ऐसा सार्वजनिक वक्तव्य नहीं दिखा जिसमें उसने कहा हो कि रिलायंस का चयन प्रक्रिया में कोई हस्तक्षेप नहीं होगा, रिलायं किसी नाम की सिफारिश नहीं करेगा, रिलायंस को सूची के नाम पहले से नहीं दिखाए जाएंगे, रिलायंस को किसी नाम पर आपत्ति या वीटो का अधिकार नहीं होगा, या चयन समिति और रिलायंस के बीच औपचारिक दूरी बनाने के लिए कोई सुरक्षा दीवार बनाई गई है। ऐसा कोई सार्वजनिक डिस्क्लेमर इस पत्रिका की तरफ से देखने के लिए नहीं मिला। यह भी साफ नहीं है कि जब टाईम के पत्रकार ही इस लिस्ट को तैयार कर रहे थे, तो इस लिस्ट और कार्यक्रम के आयोजन दोनों का सहप्रायोजक रिलायंस को बनाने की क्या जरूरत थी? रिलायंस इस सम्मान समारोह का अलग से प्रायोजक हो सकता था, लेकिन वह इस लिस्ट का भी प्रायोजक है, यह बात बड़ी अटपटी है। लिस्ट का भागीदार होना, प्रिमियम पार्टनर होना, क्या होता है? 

बात नेहा बोरा या किसी एक व्यक्ति की नहीं है, बात सम्मान बांटने वाली संस्था या पत्रिका की है। कुछ लोग इसे सम्मान बांटना नहीं कहेंगे, लेकिन टाईम के कवर पेज पर आना, या उसकी किसी लिस्ट में आना अंतरराष्ट्रीय सम्मान की बात तो रहती ही है। फिर ऐसी लिस्ट बनाना किसी तरह की पत्रकारिता तो है नहीं, वह उससे परे की बात है, जिसमें पत्रिका के पत्रकारों के विचार भी काम आते हैं, उनकी पसंद-नापसंद भी महत्वपूर्ण रहती है। इसलिए लिस्ट को बनाने में रिलायंस जैसी एक कंपनी को भागीदार बनाना, बड़ी ही अटपटी बात है। भारत में जिन अलग-अलग दायरों के लोगों को इस लिस्ट में रखा गया है, उनमें सामाजिक बदलाव का भी जिक्र है। अब सामाजिक बदलाव के लिए जो लोग काम कर रहे हैं, वे भारत में सत्ता की एक सबसे करीबी कारोबारी कंपनी, रिलायंस के कितने चहेते हो सकते हैं, इसकी कल्पना बहुत मुश्किल नहीं है। यह बात भी एकदम साफ है कि जब लिस्ट बनने के शुरू से ही एक कंपनी भागीदार है, और पत्रिका ने कंपनी से दूरी का कोई दावा नहीं किया है, तो जाहिर है कि छांटे गए सौ लोगों में इस कंपनी की पसंद-नापसंद जरूर ही काम कर रही होगी। 

बात सिर्फ सामाजिक बदलाव की नहीं है, इस लिस्ट में बहुत से लोग मनोरंजन के कारोबार से जुड़े हुए लोग हैं। रिलायंस देश में मनोरंजन के कारोबार की एक सबसे बड़ी कंपनी है। अपनी कंपनी के मुनाफे के खिलाफ क्या रिलायंस दूसरों के कारोबार को फायदा पहुंचाने वाले नामों को लिस्ट में पसंद करेगी? यह पूरा सिलसिला बड़ा अजीब है, और टाईम पत्रिका जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थान की अपनी इज्जत और विश्वसनीयता के एकदम खिलाफ भी है। हम पहले भी इसी सोच के साथ कई दूसरी मिसालों पर चर्चा करते आए हैं कि सम्मान करने के कारोबार में उन्हीं लोगों को रहना चाहिए जिनका हितों का टकराव इससे जुड़ा हुआ न रहे। ऐसी लिस्ट बनाना, लोगों का मूल्यांकन करना, इन सबसे कारोबारी हितों को अलग रखना जरूरी है। भारत में ही कुछ सबसे बड़े प्रकाशन समूह पत्रकारिता के पुरस्कार देते हैं, और उसके लिए वे एक पारदर्शी, पूर्वघोषित निर्णायक मंडल भी रखते हैं, और किसी कारोबार को प्रायोजक या भागीदार नहीं रखते, तभी उन पुरस्कारों या सम्मानों का सम्मान रह पाता है। अब आज अगर खदानों के लिए जंगल काटने वाली कंपनी देश में सामाजिक बदलाव लाने वाले लोगों के नाम छांटे, या ऐसी लिस्ट बनाने वाली पत्रिका के साथ भागीदार रहे इसी लिस्ट को बनाने में, तो उससे उसकी क्या विश्वसनीयता रहेगी?

हमारी समझ से यह परे है कि ऐसी एक लिस्ट बनाने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय पत्रिका को उसी देश की एक सबसे बड़ी कंपनी की जरूरत क्या हो सकती है, और ऐसी कंपनी जिसका दखल देश के हर किस्म के कारोबार में भी है, और जिसका घरोबा देश की सरकार के साथ जाहिर तौर पर है। ऐसी भागीदारी से रिलायंस को तो एक प्रतिष्ठा शायद मिली होगी, लेकिन क्या इससे टाईम मैग्जीन को भी कोई प्रतिष्ठा मिली होगी? यह पत्रिका दुनिया में एक सबसे प्रमुख पत्रिका हो सकती है, लेकिन उसने हितों के टकराव के एक बुनियादी सिद्धांत को अनदेखा कर दिया है। इसलिए उसकी यह लिस्ट चाहे कितनी ही अच्छी क्यों न हो, उसके नाम कितने ही जायज क्यों न हों, उसकी विश्वसनीयता घूरे जितनी भी नहीं है।

(Daily Chhattisgarh)    

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें