बाप तक पहुंचने के शुक्राणु के हक का अदालती सम्मान....

 23 नवंबर 2026  

 

बड़ी अदालतों के कुछ संवैधानिक फैसले लोकतंत्र और मानवीय-समाज के बुनियादी मुद्दों का विश्लेषण करते हुए रहते हैं। संविधान तो एक लिखित दस्तावेज है जिसमें आने वाली हर कानूनी बारीकी के मुताबिक विश्लेषण नहीं है, संविधान तो मोटी-मोटी बातों का पुलिंदा है, लेकिन हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक अदालतें इस दस्तावेज के प्रावधानों के मुताबिक उनके सामने आने वाली कई जटिल स्थितियों का जैसा विश्लेषण करते हैं, उनसे भी संविधान की लचीली सीमाएं तय होती हैं। अभी दिल्ली हाईकोर्ट में एक मामला पहुंचा जिसमें एक महिला का कहना था कि वह 1997 से 2010 तक एक आदमी के साथ शादी करके साथ रही, और वह 2010 में उसे छोड़कर चले गया। इसके बाद 2011 में उसने एक बेटी को जन्म दिया, इसलिए अब जैविक पिता साबित करने के लिए इस बच्ची और इस आदमी का डीएनए टेस्ट करवाया जाए। उस आदमी ने इस शादी को मानने से इनकार कर दिया, और हाईकोर्ट ने भी मान लिया कि शादी साबित नहीं हो रही है, लेकिन फिर एक अलग मुकदमे में इस महिला ने, और उसकी छोटी बेटी ने जैविक पिता की पहचान के लिए डीएनए की मांग की, और उस पर हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि किसी बच्चे को अपने जैविक पिता की पहचान जानने का अधिकार, कुछ परिस्थितियों में उस व्यक्ति के निजता के अधिकार से अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है। अदालत ने कहा कि निजता का अधिकार मौलिक अधिकार है, लेकिन वह निरपेक्ष नहीं है। बच्चे के अपने जैविक पितृत्व को जानने के अधिकार के साथ ही इस निजता के अधिकार का संतुलन करना होगा। अदालत ने कहा कि न्याय की सर्वोत्तम पूर्ति सच सामने आने से होती है, और अदालत ने डीएनए जांच के पक्ष में फैसला दिया।

हम एक दूसरे मामले में हाईकोर्ट, या सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को याद दिलाना चाहते हैं जिसमें यह कहा गया था कि अगर शादी से परे भी कोई संतान होती है, तो उस संतान का हक अपने पिता की संपत्ति पर कानून के मुताबिक रहेगा। यहां यह जिक्र जायज होगा कि अलग-अलग धर्मों में उत्तराधिकार के अलग-अलग नियम हैं, इसलिए हमने यहां कानून के मुताबिक शब्दों का इस्तेमाल किया है। हमारा मानना है कि यह अदालत का एक प्रगतिशील रुख है जो कि बिना अपनी मर्जी के पैदा होकर दुनिया में आने वाले बच्चे के हक की फिक्र करता है। अगर आदमी ने बच्चे की मां से शादी नहीं भी की है, तो भी उस बच्चे का हक उस आदमी की संपत्ति पर उसके दूसरे बच्चों जितना रहेगा। लेकिन इससे बिल्कुल अलग एक दूसरी अदालत ने एक दूसरे मामले में यह फैसला भी दिया है कि अगर पति-पत्नी रहते हुए पत्नी को पति से परे किसी पुरूष से भी संतान होती है, तो भी उस संतान की जिम्मेदारी उस पति पर ही आएगी।

ये तीनों किस्म के मामले अलग-अलग तो हैं, लेकिन अलग-अलग जजों के इन फैसलों से एक बात साबित होती है कि बच्चे के हक को बाकी तमाम लोगों के हक के ऊपर माना गया है। और प्राकृतिक न्याय के मुताबिक यही होना चाहिए, क्योंकि शादीशुदा, या बिना शादी के कोई जोड़े बच्चे पैदा करते हैं, तो वह उनकी देह की अपनी जरूरतों के मुताबिक होता है, या उस वक्त बच्चों को लेकर उनकी जो कल्पनाएं, या उम्मीदें हैं, उनके मुताबिक होता है। किसी भी तरह के जन्म में, जन्मने वाले बच्चे का कोई फैसला नहीं होता, वे तो दूसरों के फैसले, दूसरों के देह-संबंधों से धरती पर आने वाले रहते हैं। यही वजह है कि हम गालियों की जुबान में जब किसी को नाजायज औलाद कहते हैं, हरामजादा, या बास्टर्ड कहते हैं, तो हम इस जुबान का विरोध करते हैं। हमारा मानना है कि कोई संतान अवैध नहीं होती। लोगों के रिश्ते सामाजिक परिभाषाओं के मुताबिक वैध, या अवैध हो सकते हैं, लेकिन संतान तो किसी भी रिश्ते से परे होती हैं, वे अपनी मर्जी से धरती पर नहीं आतीं, और वे पति-पत्नी के बीच हो, अविवाहित जोड़े की हो, विवाहेत्तर संबंधों की हो, या किसी बलात्कार की वजह से पैदा हुई हो, किसी भी तरह की संतान अवैध नहीं हो सकती। और तो और प्राकृतिक देह संबंधों से पैदा होने से परे अगर कृत्रिम गर्भाधान जैसी किसी वैज्ञानिक तकनीक से भी कोई संतान पैदा होती है, तो भी वह जायज, वैध, और नैतिक रहती है। इसलिए दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने इस ताजा फैसले में बच्चे के अपने जैविक पिता को जानने के हक को उस व्यक्ति के निजता के हक से ऊपर जो माना है, वह हमारे हिसाब से एकदम सही किया है।

अब यह निजता की बात एक जगह आड़े आ सकती है। आज भारत सहित दुनिया के बहुत से विकसित चिकित्सा विज्ञान वाले देशों में लोग स्वाभाविक रूप से मां-बाप न बन पाने पर आईवीएफ और सरोगेसी जैसी तकनीकों की मदद लेते हैं। कई मामलों में पुरूष के शुक्राणु सक्षम नहीं रहते हैं, तो ऐसे में किसी दूसरे पुरूष से शुक्राणु लिए जाते हैं। भारत में दशकों पहले से ऐसे शुक्राणु बैंक शुरू हुए हैं। कानून जब बने थे, तब दान में मिले हुए, या दुनिया के कई देशों में वहां के कानून के मुताबिक खरीदे हुए शुक्राणु को लेकर बारीकियां तय नहीं हुई थीं। अब जब निजता और पितृत्व को जानने के दावों के बीच टकराव खुलकर अदालतों में सामने आ रहा है, तो कल के दिन किसी और शुक्राणु से जन्मे हुए बच्चे भी अपने जैविक पिता को जानने के हक का दावा कर सकते हैं। आज शुक्राणु बैंक स्वस्थ पुरूषों से शुक्राणु दान में पाने, या कानून इजाजत दे तो खरीदने की व्यवस्था पर चलते हैं। आज किसी ने गोपनीयता की शर्त पर शुक्राणु दिए, और कल के दिन अदालत शुक्राणु बैंक से कहे कि वे इस बच्चे के जन्म के पीछे के शुक्राणु की पहचान उजागर करे, तो गोपनीयता की शर्त पर दिए गए शुक्राणु पर एक जटिल विवाद खड़ा हो जाएगा। जिस दिन दान दिया गया था, या बिक्री की गई थी, उस दिन गोपनीयता की शर्त के आधार पर वह हुआ था, बाद के सालों में अगर गोपनीयता की शर्त हटा दी जाए, और कानूनी रूप से पिता की पहचान उजागर की जाए, तो हिंदी फिल्म मासूम की तरह कुछ बच्चे आधी रात कुछ दरवाजों को खटखटा सकते हैं। इससे शुक्राणु दान करने वाले लोगों का हौसला पस्त होगा क्योंकि वे तो बेऔलाद लोगों की मदद करने के हिसाब से यह काम कर रहे थे, और अब अगर उनके शुक्राणु से पैदा संतानें दरवाजा खटखटाने लगें, तो यह उनकी जिंदगी में एक अलग किस्म का तनाव घोल देगा।

अलग-अलग देशों में निजता, और हक के बीच टकराव को लेकर अलग-अलग कानूनी व्यवस्था है। कोई एक सरीखा कानून सब पर लागू नहीं होता। दुनिया के कई देशों में तो स्पर्म बैंक से मनचाही खूबियों वाले लोगों से मिले शुक्राणु पाए जा सकते हैं। अभी कुछ ही महीने पहले एक और हंगामा हुआ था, जहां एक शुक्राणु बैंक ने किसी एक राष्ट्रीयता का बताकर लोगों को शुक्राणु दिए, और उनसे संतानें हो जाने के बाद लोगों को पता लगा कि वे किसी दूसरी राष्ट्रीयता के पुरूष से मिले हुए शुक्राणु थे। भारत में अभी यह कारोबार बड़ा सीमित है, और इसको लेकर कानून का निजता और पितृत्व को जानने के हक का टकराव सामने नहीं आया है। दिक्कत यह है कि जब संसद में ऐसे कानूनों पर चर्चा होती है, तो सांसदों की ऐसे जटिल वैज्ञानिक और नैतिक मामलों में समझ, और दिलचस्पी बड़ी सीमित रहती है। इसलिए कई तरह के कानून पास हो जाते हैं, जो बाद के बरसों में जाकर अव्यवहारिक साबित होते हैं। इसलिए सांसदों को भी ऐसे मामलों पर बुनियादी जानकारी देने के लिए विशेषज्ञों की एक कमेटी बनानी चाहिए, जिसकी बातों को सुनकर सांसद उनसे सवाल कर सकें, अपनी समझ साफ कर सकें, और उसके बाद संसद में विचार-विमर्श और मतदान के लिए बेहतर तैयार रह सकें। फिलहाल ऐसे जितने मामलों में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसले देखने मिलते हैं, अधिकतर फैसले तो प्रगतिशील दिखते हैं। फिर भी देश को अपने जटिल कानूनों को लेकर अपनी समझ साफ रखनी चाहिए।

(Daily Chhattisgarh)    

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें