सरकारी सेवानियम और अभिव्यक्ति की आजादी

संपादकीय
06 मई 2017


छत्तीसगढ़ में लोकसेवा आयोग के खिलाफ एक बड़ा मुकदमा जीतकर आने वाली एक नौजवान अधिकारी वर्षा डोंगरे को आज सुबह राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया, उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर राज्य सरकार की नक्सल और आदिवासी मामलों में रीति-नीति के खिलाफ बड़े आक्रामक अंदाज में लिखा था, और सरकार के दूसरे आलोचकों ने इसे हाथों-हाथ उठाया था, और चारों तरफ फैला दिया था। इस पोस्ट में यह भी लिखा हुआ था कि उन्होंने एक जेल अधिकारी की हैसियत से काम करते हुए जेल में ऐसी महिलाओं से बातचीत की है जिनके साथ सुरक्षा बलों ने बस्तर में सेक्स-बदसलूकी की थी। यह आरोप राज्य शासन के सुरक्षा कर्मचारियों और केन्द्रीय सुरक्षा कर्मचारियों पर लंबे समय से लगते आ रहा है, और बस्तर के आदिवासियों महिलाओं ने आरोपों को लेकर हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक दौड़ लगाई है। अब राज्य शासन की एक जेल-अधिकारी के ऐसे कथित पोस्ट को लेकर सरकार की काफी फजीहत हो रही है, और यह हो सकता है कि सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मुकदमों में अब मानवाधिकारवादियों के वकील वर्षा डोंगरे को गवाह बनाकर बुलाएं।
इस निलंबन के बाद सरकार आलोचना के कटघरे में आएगी कि उसने सच कहने वाली एक अफसर को निलंबित किया है। लेकिन हमारा सोचना इस बारे में थोड़ा सा अलग है। सरकार का काम कुछ नियमों से बंधा रहता है, और जो लोग सरकार से वेतन और बाकी सुविधाएं, नौकरी की सुरक्षा पाते हैं, उन्हें यह सब कुछ जिम्मेदारियों और जवाबदेही के साथ ही मिलते हैं। शासन के सेवानियमों में यह भी है कि राज्य शासन के कामकाज या उसकी रीति-नीति की आलोचना न की जाए। और ये नियम सोशल मीडिया के पैदा होने के बाद के नहीं है, ये पहले से चले आ रहे हैं, यह एक अलग बात है कि सोशल मीडिया पर अपनी नई ताजी सक्रियता के चलते अब बहुतसे अधिकारी बहुत से मुद्दों पर खुलकर ऐसी बातें लिखने लगे हैं जो कि उनके सेवानियमों के खिलाफ जाती हैं। दूसरी तरफ देश में कई ऐसे चर्चित अफसर भी हुए हैं जिन्होंने सरकार से असहमति होने पर कामकाज छोड़कर सामाजिक आंदोलनकारी के रूप में काम किया है, या कि केजरीवाल की तरह राजनीति में आए हैं।
हम अगर वर्षा डोंगरे के ही मामले की बात करें, और इसे सच मानें कि उन्होंने ऐसी पोस्ट लिखी थी, और यह भी सच मानें कि उन्हें जेल में या कहीं और महिलाओं ने अपने सेक्स-शोषण की, जुल्म की, बातें बताई थीं। तो ऐसे में भी हमारा ख्याल है कि उनके पास सरकार के भीतर, औपचारिक रूप से भी इन बातों को रखने का एक विकल्प मौजूद था, जो कि सरकार के सेवा-नियमों के हिसाब से ठीक भी रहता। लेकिन उन्होंने अपनी ऐसी जानकारी को सरकार के सामने रखने के बजाय सोशल मीडिया पर जब रखा है, तो सरकार भी उस पर कार्रवाई करने की आजादी रखती है, हक रखती है। सरकार और वर्षा डोंगरे के बीच की यह लड़ाई सच की लड़ाई नहीं है, सच तो दोनों ही हो सकते हैं, यह लड़ाई, या कि यह कार्रवाई सरकारी सेवानियमों की है, जिसके तहत राज्य सरकार इस बात के लिए भी जिम्मेदार है कि उसके अधिकारियों-कर्मचारियों का आचरण कैसा रहे।
दरअसल वर्षा डोंगरे ने राज्य शासन और पीएससी के खिलाफ मुकदमा लड़ते हुए, और अदालत में बिना वकील अपना पक्ष खुद रखते हुए जो एक लंबी लड़ाई जीती है, उसकी वजह से भी यह हो सकता है कि उनके मन में बेइंसाफी के खिलाफ, हिंसा के खिलाफ एक नाराजगी भरी हुई हो। आज वे हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा सुप्रीम कोर्ट में की गई अपील को लेकर एक बार फिर अदालत में खड़ी हैं, और उनके दिमाग में सरकारी व्यवस्था के खिलाफ एक नाराजगी भी भरी हुई है। लेकिन हर ओहदे और हर भूमिका की अपनी सीमाएं होती हैं, जिन लोगों को ऐसी सीमाओं के बाहर जाकर काम करना हो, उनके लिए रास्ते खुले रहते हैं। सरकार में काम करते हुए सरकार की किसी गलती, या गलत काम की जानकारी होने पर उसे सरकार के भीतर ही ऊपर तक पहुंचाने का जो रास्ता है, हमारा ख्याल है वही रास्ता वर्षा डोंगरे के लिए ठीक होता, न कि उसे सेवानियमों के खिलाफ जाकर सार्वजनिक रूप से उठाने के। सरकारी सेवानियम नौकरी में रहने तक अभिव्यक्ति की आजादी पर हावी रहते हैं, यह बात अच्छी हो या बुरी हो, जायज हो या नाजायज हो, जब तक ऐसे सेवानियम हैं, तब तक या तो लोग सरकार के खिलाफ सरकार के बाहर न बोलें, या कि जैसा कि इस मामले में हो सकता है, इन नियमों को चुनौती देकर अदालत की एक नई व्याख्या मांगें।

शहरी सफाई में इस प्रदेश में अच्छी और बुरी, दोनों मिसालें

संपादकीय
05 मई 2017


देश भर के शहरों की स्वच्छता के सर्वे में छत्तीसगढ़ के पास खुश होने को अंबिकापुर, राजनांदगांव, कोरबा और दुर्ग, ये चार म्युनिसिपल हो सकते हैं, लेकिन राजधानी रायपुर की बदहाली जारी है और देश के साफ शहरों में इसका नंबर सवा सौ शहरों के बाद लगता है, और इस शहर के अधिकतर हिस्से को देखने वालों को इस बात की भी हैरानी होती है कि इसका नंबर 129वां भी कैसे आ गया? शहर की गंदगी का हाल यह है कि मानो सफाई का काम म्युनिसिपल की बुनियादी जिम्मेदारी है ही नहीं, और राजधानी का म्युनिसिपल सैकड़ों करोड़ के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बनाने वाली एक कंस्ट्रक्शन कंपनी भर है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों को यहीं के एक किनारे पर बसे हुए अंबिकापुर से सबक लेने की जरूरत है जहां पर एक उत्साही कलेक्टर ने म्युनिसिपल को साथ जोड़कर न सिर्फ शहर को साफ कर दिखाया, बल्कि कचरे की अलग-अलग किस्मों को अलग-अलग करने का एक बड़ा काम भी किया है, और इससे बाकी प्रदेश को जो सीखना चाहिए था, वह नहीं हो पाया। एक बरस पहले मुख्यमंत्री ग्राम सुराज के दौरान जब सरगुजा पहुंचे थे, तो वहां अंबिकापुर में उन्होंने बदली हुई तस्वीर देखी थी। महिला जनसंगठनों को साथ लेकर प्रशासन और म्युनिसिपल ने पूरे शहर से कचरा उठाने से लेकर उस कचरे के निपटारे तक का काम बड़े अच्छे तरीके से किया था, और राज्य शासन के तमाम बड़े लोगों ने उसे देखा भी था। लेकिन वाहवाही के बाद वहां से बाकी किसी शहर ने कुछ नहीं सीखा। खासकर राजधानी के म्युनिसिपल का हाल सबसे ही निराशाजनक है, जहां पर राज्य बनने के बाद से अब तक निगम सीमा में ही हजारों करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं, लेकिन म्युनिसिपल अपनी पहली बुनियादी जिम्मेदारी, सफाई को ही नहीं कर पाया।
दरअसल शहरों को साफ रखना एक ऐसा काम है जिसे जनता को साथ जोड़े बिना सिर्फ अफसर या निर्वाचित स्थानीय प्रतिनिधि अपने दम पर कभी नहीं कर सकते। और आज रायपुर में हाल यह देखने मिलता है कि सत्ता और जनता, ये दो बिल्कुल अलग-अलग तबके हैं, और इन दोनों का आपस में कोई संबंध, कोई लेन-देन, सफाई के मामले में नहीं रह गया। शहर गंदा है, यह तो शहर का हर हिस्सा चीख-चीखकर बता ही देता है, लेकिन एक दूसरा बड़ा खतरा बारूद के ढेर की तरह खड़ा हो रहा है कि शहर के ठोस कचरे का अलग-अलग निपटारा नहीं किया जा रहा, और जो कचरा सड़कर धरती से मिल सकता है, उसका बायो-इस्तेमाल नहीं हो रहा, और बाकी तरह के कचरे को अलग-अलग नहीं किया जा रहा। शहर में जब तक लोगों के बीच ऐसी सभ्यता फैलाई नहीं जाएगी, तब तक म्युनिसिपल चाहे जितना खर्च कर ले, न तो कचरे का कोई इस्तेमाल होगा, न कचरा कम होगा, न सफाई बढ़ेगी। दूसरी तरफ रायपुर सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में भी बार-बार आता है, और उसकी एक वजह शहरी कचरा भी है जिस पर काबू किए बिना शहर का पर्यावरण नहीं सुधरेगा। कचरे के अलावा भी म्युनिसिपल की कई तरह की जिम्मेदारियां हैं, लेकिन वे भी तिरस्कृत पड़ी रहती हैं, और नेता-अफसर जलसों में मगन रहते हैं।
आज दिक्कत यह है कि स्थानीय निर्वाचित संस्थाएं हों, या कि विकास प्राधिकरण जैसी बनाई गई और मनोनीत लोगों की संस्था हो, इन सबको बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बनाकर घोषित और अघोषित कमाई से बड़ी प्राथमिकता और कुछ नहीं दिखती है।  यह सिलसिला बदलने के लिए ऐसे अफसरों की जरूरत है जिन्हें अपने ओहदों पर गुरूर न हों, और जो एक चुनौती मानकर शहर को सुधार सकें। हम एक बार फिर अंबिकापुर की मिसाल देना चाहेंगे जहां पर सीमित साधनों में भी अफसरों ने यह कर दिखाया है, और दूसरी तरफ रायपुर-बिलासपुर जैसी जगहों पर पिछले बहुत बरसों से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट में शहरों को फंसाकर रख दिया गया है, और साफ-सफाई का कोई ठिकाना नहीं है। हमारा ख्याल है कि राज्य सरकार को म्युनिसिपलों में अफसरों की तैनाती के वक्त यह ध्यान रखना चाहिए कि उनका मिजाज कैसा है, क्या वे गली-गली घूमकर काम करवाने में भरोसा रखते हैं, या फिर वे ओहदे को शान समझकर बैठे रहते हैं। मेहनत में ईमानदार, और कल्पनाशील अफसरों की कमी नहीं है, और राज्य शासन को छांटकर ऐसे अफसरों को म्युनिसिपलों में रखना होगा, क्योंकि शहरों की सफाई और उन्हें सुधारने, उनका रख-रखाव करने का जिम्मा एक अलग तरह का है। स्थानीय शासन विभाग से परे, पर्यावरण विभाग को भी इसमें दखल देनी चाहिए, क्योंकि शहरों का पर्यावरण म्युनिसिपल के काम से सीधा प्रभावित होता है। 

लोक सुराज की कड़ी मेहनत के साथ-साथ कुछ और भी जरूरी

संपादकीय
04 मई 2017


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपनी पूरी सरकार के साथ गर्मी के सबसे अधिक गर्म दिनों में सुबह से शाम तक लगातार लोक सुराज का दौरा कर रहे हैं, और इतना विशाल, इतना विस्तृत जनसंपर्क आसान बात नहीं रहती। उन्होंने इस अभियान की शुरुआत में ही यह साफ किया था कि वे लोगों की नाराजगी या संतोष को भी देख लेना चाहते हैं जो कि लगातार चल रही सरकार के खिलाफ एंटी इंकम्बेंसी के नाम से कई प्रदेशों में देखने मिलती है। जनता की नाराजगी और शिकायतों का ऐसा सामना कुछ तकलीफदेह तो रहता है क्योंकि सरकार के कामकाज में कमियां और खामियां दोनों ही आम बात रहती हैं, लेकिन लोगों के मुंह से उनकी दिक्कत-परेशानी, उनकी शिकायत, और उनकी मांग-उम्मीदों को सुनना, और प्रदेश-जिले स्तर के अफसरों के साथ उन्हें मौके पर ही निपटाना प्रतीकात्मक ही सही लेकिन एक बड़ा काम है। उनके मंत्री भी जगह-जगह दौरे कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का दौरा सबसे ही कड़ा है, सबसे ही मुश्किल है, और इसकी वजह से पूरे प्रदेश के अफसरों को अपने-अपने इलाकों में, अपने-अपने विभागों के कामकाज में चौकन्ना रहना पड़ रहा है।
वैसे तो आदर्श स्थिति यह होती कि जनदर्शन या ऐसे जनसंपर्क की नौबत ही नहीं आती, लेकिन भारत जैसे विकासशील लोकतंत्र में कभी भी ऐसी आदर्श स्थिति नहीं आ सकती जिसमें कि सुधार की गुंजाइश न हो, या कि गड़बडिय़ों को पकड़ा न जा सके। लोक सुराज का यह अभियान मुख्यमंत्री को प्रदेश के जिला स्तर के अफसरों के कामकाज को बेहतर समझने का एक मौका भी दे रहा है, और सरकारी अमला यह उम्मीद भी कर रहा है कि इस अभियान के पूरे होने के बाद बहुत से तबादले होंगे, और कई महत्वपूर्ण कुर्सियों पर जाने वाले लोग चुनाव तक वहां रहेंगे। यह भी उम्मीद की जा सकती है कि लोक सुराज दौरा शुरू होने के पहले से शिविर लगाकर लोगों से जो शिकायतें और मांग इक_ी की गई थीं, उनमें से संभव बातों को चुनाव तक पूरा करने का मौका सरकार को मिल जाएगा। अब छत्तीसगढ़ सरकार चुनाव-मोड में आ चुकी है, और केवल ऐसे ही कामों को उठाया जाएगा जिन्हें चुनाव आचार संहिता के पहले पूरा करके, या एक शक्ल देकर जनता के सामने रखा जा सकेगा।
लेकिन हम आज एक दूसरी बात करने के लिए इस चर्चा को छेड़ रहे हैं, न कि महज इस अभियान के बारे में लिखने को। यह अभियान तो अगले एक पखवाड़े में पूरा हो जाएगा, लेकिन सरकार के कामकाज को लेकर एक कमी शायद उसके बाद भी बनी रहेगी, जिसके लिए राज्य सरकार प्रदेश स्तर पर कभी-कभी कोशिश करती है। ऐसे अभियानों से परे भी प्रशासनिक सुधार एक ढांचागत सुधार से ही आ सकता है। और इसके लिए सरकार को अपने जमीनी स्तर के कामकाज में कागजों और फाईलों को कम करना पड़ेगा। आज जरा-जरा सी बात के लिए लोगों को सरकार में बहुत से कागज जमा करने पड़ते हैं, बहुत से धक्के खाने पड़ते हैं, और किसी को यह भरोसा नहीं रहता कि एक छोटी सी पटवारी-नकल जैसी बात उसे कितने महीने में मिल पाएगी, या कि तहसील का कोई नामांतरण कितने दिनों में हो पाएगा, या कि राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा में एमआरआई की बारी कितने हफ्तों में आ सकेगी। सरकार को अपने कामकाज को बेहतर बनाने के लिए लोगों से भरवाए जाने वाले कागज घटाने चाहिए, हर कागज में मांगी जाने वाली जानकारी को घटाना चाहिए। अमरीका जैसे विकसित देश को देखें तो वहां सरकार के हर फॉर्म पर यह छपा होता है कि उसे भरने में औसतन कितनी देर लगेगी। भारत के प्रदेशों में सरकारी दफ्तरों का भ्रष्टाचार इस बात पर पनपता है कि लोगों से अधिक से अधिक जानकारी कैसे मांगी जाए, और उनमें से किसी भी जानकारी के न होने पर उनसे रिश्वत कैसे ली जाए। सरकार को जनता के बीच के लोगों की एक साधारण कमेटी बनाकर सरकारी कामकाज के जाल को घटाना चाहिए।
एक दूसरी बात जो बहुत महत्वपूर्ण है, और जो सरकार में कभी-कभी चर्चा में आती है, लेकिन आई-गई भी हो जाती है, वह है सरकारी दफ्तरों में अफसरों और कर्मचारियों की मौजूदगी। राज्य सरकार को बहुत ही कड़ाई से यह नियम लागू करना चाहिए कि हफ्ते में कम से कम एक दिन मुख्यमंत्री से लेकर पटवारी तक, हर कोई सुबह से शाम तक अपने दफ्तर में मौजूद रहें, और हफ्ते के ऐसे दिन को किसी भी तरह की बैठक या दौरों से मुक्त रखा जाए। इतना करने के बाद सरकार को यह भी देखना चाहिए कि कौन से ऐसे दफ्तर हैं जहां पर जनता के काम ज्यादा पड़ते हैं, और वहां ऐसी अनिवार्य मौजूदगी के दिन एक से अधिक भी रखने चाहिए, और ऐसे दिनों में पूरे वक्त की मौजूदगी की गारंटी भी करनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के राज्य बनने के बाद से कभी-कभी ऐसी पहल शुरू भी हुई, लेकिन नियम-कायदों को नापसंद करने वाले लोगों ने आनन-फानन ऐसी व्यवस्था को चौपट कर दिया। इसलिए हमारा यह मानना है कि राज्य में वही व्यवस्था लागू हो सकती है जो कि मुख्यमंत्री के स्तर से शुरू हो, और जिसे वे अपने ऊपर भी लागू करें। सरकार को जनता से अपना फासला घटाना चाहिए, और इसके लिए सरकारी दफ्तरों को जनता के प्रति जवाबदेह रहते हुए हर हफ्ते काफी वक्त के लिए हर अफसर-कर्मचारी की मौजूदगी घोषित करनी चाहिए। देश के अलग-अलग राज्यों में ऐसी पहल हो भी रही है, और हम पिछले बरसों में इसी जगह लगातार यह सलाह देते भी आए हैं।
लोक सुराज निपटाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को सरकार की जनता के लिए उपस्थिति की ऐसी गारंटी लागू करनी चाहिए, और इससे जनता की शिकायतें दूर भी होंगी।

खुफिया निगरानी के जमाने में नसीहतों की क्लास की जरूरत

संपादकीय
03 मई 2017


दिल्ली में इन दिनों एक चटपटा केस खबरों में हैं कि गुजरात से आए हुए एक भाजपा सांसद ने एक महिला के साथ बलात्कार किया, या कि उस महिला ने इस सांसद को अपने सेक्स-जाल में फांसकर उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है, और मामला जांच के बाद साफ हो पाएगा। सांसद और महिला, दोनों ही वयस्क हैं, और दोनों ही अनुभवी लोग दिखते हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपने आपको किस हिसाब से बचाकर रखना चाहिए ताकि उनका राजनीतिक या सामाजिक जीवन किसी एक स्कैंडल के साथ खत्म न हो जाए।
यह बात सिर्फ राजनीति के लोगों को समझने की जरूरत नहीं है, बल्कि घर से लेकर कारोबार तक, और सरकारी दफ्तरों से लेकर खेल के मैदान तक, सभी जगहों पर लोगों को सावधान रहना चाहिए। अब चौथाई सदी पहले जैसा माहौल नहीं रहा, जब लोग अपने घर या दफ्तर की महिला कर्मचारी का देह शोषण करके भी बच निकलते थे, क्योंकि ऐसे मामलों की शिकायत ही आमतौर पर नहीं होती थी। लेकिन आज कानून की जागरूकता भी बढ़ गई है, और कानून तक लोगों की पहुंच भी बढ़ गई है। ऐसे में लोगों को अपना चाल-चलन साफ-सुथरा रखने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। सार्वजनिक जीवन से परे भी निजी जिंदगी के बहुत से मामले आज अदालतों तक पहुंच रहे हैं जिनमें आमतौर पर एक लड़की या महिला की शिकायत रहती है कि किसी आदमी ने उनसे शादी का वायदा करके उनका देह शोषण किया और उसके बाद शादी से इंकार कर दिया। ऐसी वायदाखिलाफी और सेक्स-संबंध को लेकर अदालतों का एक नया रूख सामने आ रहा है जिसमें अदालतें यह मान रही हैं कि हर वायदाखिलाफी को बलात्कार करार नहीं दिया जा सकता, और एक वयस्क लड़की को संबंध बनाने के पहले यह भी ध्यान रखना चाहिए कि ऐसे हर संबंध शादी में बदलें यह जरूरी भी नहीं है। हमने भी पहले कई बार इस बात को लिखा था कि शादी का वायदा करने के बाद आपसी सहमति से बने देह संबंधों को वायदाखिलाफी की नौबत आने पर बलात्कार कहना सही बात नहीं होगी। कई बरस पहले हमने इसी जगह यह बात लिखी थी और पिछले साल-छह महीने में कई प्रदेशों के हाईकोर्ट इस तरह की बात लिख चुके हैं।
आज जब चारों तरफ खुफिया कैमरों और मोबाइल फोन से होने वाली वीडियो रिकॉर्डिंग का जमाना है, तब लोगों को अपनी पतलून के बेल्ट, और पजामों के नाड़े मजबूती से बांधकर रखना चाहिए। पुराने जमाने में किसी की तारीफ करते हुए कहा जाता था कि वह लंगोट का पक्का आदमी है। इसका मतलब होता था कि वह आदमी राह चलते देह संबंधों में नहीं उलझता है। आज हर किसी को यह सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि एक महिला के अधिकार ऐसे मामलों में आदमी के मुकाबले अधिक वजन रखते हैं, और उसकी बात पर अदालत भी अधिक गौर करती है। लोगों को यह समझना चाहिए कि कानूनी या सेहत के खतरे उठाते हुए ऐसे संबंध न सिर्फ लोगों की निजी साख को खत्म करते हैं, बल्कि उनके परिवार की साख भी ऐसे विवादों के बाद आंच झेलती है। यह दौर टेक्नालॉजी के अंतहीन खुफिया इस्तेमाल का है, और लोग तो आज किसी को एक तस्वीर भेजकर, या कुछ शब्द भेजकर भी इतने सुबूत खड़े कर देते हैं कि किसी शिकायत की नौबत आने पर वे जेल भेजे जा सकें। हमारा ख्याल है कि सरकार, समाज, परिवार, और राजनीतिक दल, इन तमाम जगहों पर लोगों को अब हमेशा के लिए खड़े हो चुके ऐसे कानूनी खतरे पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए, और लोगों में समझ पैदा करनी चाहिए कि कुछ मिनटों के देह सुख के लिए वे न तो बीमारियों के खतरे में पड़ें, और न ही कानूनी खतरे में पड़ें। खासकर जो राजनीतिक  दल अपने लोगों के चुनाव में जीतकर आने और उनकी साख को लेकर फिक्रमंद रहते हैं, उन्हें तो बंद कमरे के भीतर अपने लोगों के लिए नसीहतों की ऐसी क्लास लगानी चाहिए, और पार्टियों को खुद भी अपने लोगों पर ऐसी नजर रखनी चाहिए। 

सोशल मीडिया ने देशप्रेम के झांसे का बहुत बड़ा मौका जुटा दिया है

संपादकीय
02 मई 2017


इन दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर कम से कम भारत में जो लोग हमें सोशल मीडिया पर दिख रहे हैं, वे राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम के साथ-साथ राष्ट्रवाद से सराबोर हैं, और वे इस अंदाज में फेसबुक या ट्विटर पर नारे लिख रहे हैं कि वे खुद ही जाकर एक हिन्दुस्तानी सैनिक के कटे सिर के बदले पचास पाकिस्तानी सैनिकों के सिर काट लाएंगे। यह सिलसिला कुछ नया नहीं है, और सोशल मीडिया के पहले जब टीवी चैनल सड़क किनारे लोगों को रोककर उनकी प्रतिक्रिया लेते थे, तब भी इसी किस्म की बात कही जाती थी, और दिखाई जाती थी।
अब इसे कुछ समझने की जरूरत है कि लोगों की ऐसी सोच की वजह क्या है, और उससे नफा-नुकसान क्या है। दरअसल इंसानी सोच बहुत किस्म के झांसे को अपने खुद के लिए खड़ी करती है, और अपने शरीर को तकलीफ से बचाकर चलती है। लोग इन दिनों प्रचलन में आ चुके फिटनेस बैंड पहनकर यह समझ लेते हैं कि वे अपनी फिटनेस के लिए चौकन्ने हैं। यह एक किस्म की मनोवैज्ञानिक तसल्ली होती है, जो कि अपने आपके दिमाग को संतुष्ट कर देती है, और चर्बी को तकलीफ नहीं देती। और सदियों से यह भी चले आ रहा है कि लोग पुण्य कमाने के लिए, अपने पाप धोने के लिए, कहीं मछली को आटे की गोलियां डालते हैं, कहीं बंदर को चना खिलाते हैं, कहीं पंछी के लिए पानी के कटोरे रखते हैं, कहीं गाय ढूंढकर उसे एक रोटी दे देते हैं, और सबसे लोकप्रिय झांसा है जाकर ईश्वर को थोड़ा सा चढ़ावा चढ़ाना, और फिर उससे बड़ी सी उम्मीद कर लेना।
ऐसी हरकतों से भला तो शायद ही किसी का होता हो, सिवाय अपने आपके। यह झांसा तरह-तरह के अपराधबोध से मुक्ति पाने में मदद करता है, और लोगों को लगातार एक आत्मसंतुष्टि और एक गौरव में जीने का मौका देता है। लोग अपने को दानी और समाजसेवी कहने का एक मौका पाते हैं, एक वजह पाते हैं, और बाकी वक्त उसकी चर्चा का रास्ता निकाल लेते हैं। आमतौर पर जो लोग रात-दिन टैक्स चोरी में लगे रहते हैं, जो मिलावट करते हैं, नाप-तौल की चोरी करते हैं, और दूसरे तरह के जुर्म में शामिल रहते हैं, वे लोग जरूर ईश्वर को भी झांसा देने का काम नियमित रूप से करते हैं, वे तरह-तरह की मनौतियां भी मान लेते हैं, और अपनी आत्मा को मानो किसी लॉंड्री में ले जाकर ड्राईक्लीन करवाने के अंदाज में धर्मस्थान जाकर काली कमाई का थोड़ा सा हिस्सा चढ़ाकर आ जाते हैं। लोगों को याद होगा कि इमरजेंसी के वक्त खबरों में आए और जेल गए, देश के एक सबसे बड़े तस्कर हाजी मस्तान को मुंबई शहर में गरीब मरीजों के लिए कुछ एंबुलेंस चलाने के लिए भी जाना जाता था, हालांकि उस दौर में भी उनका मुख्य काम तस्करी था, और समाजसेवा के काम में अपनी कमाई की थोड़ी सी जूठन खर्च करके वे ढेर सी तसल्ली पा जाते रहे होंगे।
देशप्रेम और राष्ट्रवाद कुछ इसी किस्म की बातें हैं, और लोगों को सरहद पर कुर्बानी देने के नारे सुहाते हैं, क्योंकि वे खुद सरहद से बहुत दूर हैं, और फौज में भी नहीं हैं। उनको पाकिस्तान पर हमला करने, जंग छेड़ देने की बात सुहाती है, क्योंकि उनका अपना घर सरहद पर बसा हुआ नहीं है, और वे जंग के धमाकों को घर बैठे टीवी पर देखेंगे, न कि उनकी छत को तोड़ते हुए कोई गोला भीतर पलंग पर गिरेगा। एक दूसरी दिक्कत यह है कि ऐसे लोग अपनी नासमझी में युद्धोन्माद को देशप्रेम मान बैठते हैं, और देशप्रेम की बाकी तमाम जरूरतों को किनारे रख देते हैं। सोशल मीडिया पर भी किसी ने कुछ समय पहले यह लिखा था कि देशप्रेम के लिए सरहद पर जाकर लडऩा ही जरूरी नहीं है, देश के भीतर साफ-सुथरी जगह पर थूकना बंद करके भी देशप्रेम दिखाया जा सकता है, पार्किंग ठीक करके, या कि ट्रैफिक नियमों को मानकर भी देशप्रेम दिखाया जा सकता है। आमतौर पर देशप्रेम और राष्ट्रवाद की बातें करने वाले लोग अपनी जिम्मेदारी सरहद पर शहादत की चर्चा में साबित कर लेते हैं, क्योंकि वहां उनका खुद का सिर दांव पर नहीं लगा है।
इसलिए जिस तरह लोग अपने अपराधबोध से मुक्त होने के लिए कहीं पशु-पक्षियों को झांसा देते हैं, कहीं ईश्वर को झांसा देते हैं, ठीक उसी तरह देश को भी झांसा देते हैं, यह साबित करते हुए कि वे देश की फिक्र में दुबले हुए जा रहे हैं। सोशल मीडिया ने लोगों को एक नए किस्म का धर्मस्थल दिला दिया है जहां पर वे झांसा देने का काम कुछ और कर सकते हैं, और हो सकता है कि उनके दिमाग का एक हिस्सा उनके ही दिमाग के बाकी हिस्से को अंधेरे में रखते हुए ऐसा झांसा दे रहा हो, और दिमाग के ऊपर का सिर देशप्रेमी होने के गौरव में तना हुआ भी हो।

बिना सिर ढांके जर्मन चांसलर मार्केल पहुंचीं सउदी अरब...

संपादकीय
01 मई 2017


जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल अभी दुनिया के सबसे कट्टर, और मुस्लिम-विरोधी इस्लामी देश सउदी अरब पहुंचीं तो उन्होंने अपना सिर नहीं ढांका। इसके पहले पश्चिमी देशों से भी जो शासन प्रमुख या राष्ट्र प्रमुख महिलाएं, मंत्री, वहां पर जाती रही हैं, उनमें से अधिकतर स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के मुताबिक अपना सिर ढांक लेती थीं। लेकिन जर्मनी में पिछले दिनों मार्केल ने बुर्के पर प्रतिबंध लगा दिया था, और उसके बाद अब वहां पहुंचने पर उन्होंने पोशाक की अपनी आजादी का इस्तेमाल करते हुए सउदी अरब को एक संदेश भी दे दिया। कहने और करने के बीच यह ईमानदारी और यह हौसला आज की दुनिया में जरूरी इसलिए है कि जगह-जगह कट्टरपंथी लोग अपने धर्म के नाम पर दूसरों की आजादी को खत्म करने पर उतारू रहते हैं।
लोगों को याद होगा कि अभी कुछ ही दिन हुए जब एक पर्यटक या मॉडल युवती ताजमहल पहुंची, और उसने धूप से बचने के लिए रामनामी दुपट्टा लपेट रखा था, और वहां मौजूद हिन्दू संगठनों के लोगों ने उससे वह दुपट्टा उतरवाया, तब ताजमहल में जाने दिया। आज दुनिया भर में पोशाक को एक तरफ तो व्यक्तिगत आजादी मानकर अपनी पसंद इस्तेमाल करने का दावा किया जा रहा है, दूसरी तरफ बुर्के जैसे पुराने रिवाज के खिलाफ पश्चिमी देशों में जगह-जगह कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को भी उससे आजादी दिलाई जा रही है, या कि उनकी पसंद की आजादी छीनी जा रही है। यह इन दोनों में से क्या है, यह सोचने के नजरिए पर निर्भर करता है। कोई इसे मुस्लिम महिला की आजादी को बढ़ावा देना कह सकते हैं, तो कोई इसे मुस्लिम महिला की आजादी को छीनना भी कह सकते हैं।
दरअसल धर्म और लोकतंत्र इन दोनों के बीच हमेशा ही हर दूरी तक तालमेल बैठ नहीं सकता। जो लोग धर्म को लोकतंत्र से ऊपर मानते हैं, उन लोगों का आतंक न सिर्फ इस्लामी देशों में देखने मिलता है, बल्कि अब तो हिन्दुस्तान में भी गाय के नाम पर, पहरावे और खानपान के नाम पर, रीति-रिवाज के नाम पर भारत में भी जगह-जगह देखने मिलता है। और हमारा यह मानना है चाहे भारत में तीन तलाक के खिलाफ पहल हो, चाहे वह पश्चिमी देशों में बुर्के के खिलाफ रोक हो, इससे अगर मुस्लिम महिला या किसी और धर्म के मानने वाले लोगों को अलोकतांत्रिक प्रतिबंधों से आजादी मिलती है, तो उसे बढ़ावा देना चाहिए। आज योरप के देशों में बुर्के पर रोक से एक बदलाव आ रहा है, चाहे वह थोपकर क्यों न लाया जा रहा हो। हम किसी धर्म की ऐसी आजादी को सही नहीं मानते जिसमें औरत और मर्द के बुनियादी हकों में इतना बड़ा फर्क किया जाता हो, और छोटी-छोटी बच्चियों को भी बुर्के से लाद दिया जाता हो। यह बात जाहिर है कि पोशाक की ऐसी रोक से मुस्लिम महिलाओं के आगे बढऩे की संभावनाएं कम होती हैं, और उसका नुकसान उनके परिवारों के बच्चों को भी होता है। इसलिए कई बार धार्मिक स्वतंत्रता में दखल देते हुए भी आज के जमाने, लोकतंत्र, और इंसाफ, इन सबको देखते हुए दुनिया के ताकतवर देशों को, उनके भीतर के ताकतवर नेताओं को पहल करनी ही चाहिए। जिस तरह कुछ महिला राष्ट्र प्रमुख और शासन प्रमुख सउदी अरब जैसे देशों में अपनी पोशाक से यह साफ कर रही हैं कि वे अपनी पोशाक की आजादी छोडऩे वाली नहीं हैं, वह एक हौसलामंद कदम है, और इसे आगे बढ़ाना चाहिए। 

नक्सल मोर्चे को लेकर केन्द्र और राज्य सरकारें भारी तनाव में

संपादकीय
30 अप्रैल 2017


छत्तीसगढ़ के नक्सल-कब्जे वाले इलाके में सड़कों का बनाना फिलहाल थम गया दिखता है क्योंकि केन्द्रीय सुरक्षा बलों के बारे में सरकार की तरफ से कहा गया है कि वे अब सड़क-निर्माण सुरक्षा का काम नहीं करेंगे। इस निगरानी में बहुत सी मौतें हो चुकी हैं, और अब केन्द्र सरकार भारी तनाव से गुजर रही है। केन्द्र के साथ-साथ राज्य सरकार भी इतने जवानों की मौत को लेकर एक तनाव में है, और अभी यह तय नहीं हो पा रहा है कि नक्सल हिंसा खत्म करने के लिए बस्तर में कितनी कड़ी और कितनी बड़ी कार्रवाई की जाए। यह बात तय है कि अगर बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों को झोंककर नक्सलियों को मारने की कोशिश एक फौजी अंदाज में की गई, तो उसमें बड़ी संख्या में बेकसूर आदिवासी भी मारे जा सकते हैं, जो कि इस किस्म के किसी भी मोर्चे पर आम बात रहती है। दूसरी बात यह भी है कि बस्तर का यह हिस्सा पड़ोसी राज्यों से मिला हुआ है, और एक राज्य में अगर सुरक्षा बलों का दबाव बहुत बढ़ता है तो नक्सली सरहद पार करके दूसरे राज्य में चले जाते हैं।
अब नक्सलियों के बहुत सीमित संख्या वाले वैचारिक समर्थकों को छोड़ दें, तो आम जनता का बहुमत इस सोच का है कि फौज को झोंककर नक्सलियों को एकमुश्त खत्म कर दिया जाए। यह आम जनता बस्तर जैसे इलाके के बाहर दूर शहरों में बसी हुई है, वह सोशल मीडिया तक अपने सरोकारों को सीमित रखती है, और वह विचलित होने पर तरह-तरह से ट्वीट करके देशप्रेम, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रवाद, और नक्सल-विरोध को जाहिर करती है। यह वह जनता है जो नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच पिसने की नौबत नहीं झेलती है, और अपने घरों में सुरक्षित बैठी हुई वह फौजी कार्रवाई को एक अच्छा विकल्प समझती है। वह ऐसी जनता है जो देश की सरहद पर एक सिर के बदले दस सिर काटकर लाने, और पाकिस्तान पर हमला कर देने की हिमायती भी है। इसी सोशल मीडिया पर एक तबका ऐसा है जिसकी याददाश्त थोड़ी मजबूत है और जो केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को याद दिलाता है कि कुछ बरस पहले ऐसे ही नक्सल हमले के बाद स्मृति ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चूडिय़ां भेजने का बयान दिया था, और आज फिर वैसा ही मौका आया हुआ है, तो वे अपनी चूडिय़ों का सदुपयोग करें।
लोकतंत्र में जब जनता का दबाव केन्द्र या राज्य सरकार पर पड़ता है, तो कई बार आहत और विचलित भावनाओं को शांत करने के लिए, कार्रवाई करते हुए दिखने के लिए भी सरकारें कई किस्म की कार्रवाई करती हैं। लोकतंत्र ऐसे जनदबाव से मुक्त भी नहीं रह सकता, लेकिन सत्ता को विपक्ष जैसी कार्रवाई की आजादी भी नहीं रहती है। सत्ता एक अलग किस्म की जिम्मेदारी सिखाती है, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस ओहदे पर आने के ठीक पहले तक पाकिस्तान से जितने सिर काटकर लाने की ललकार लगाते आए हैं, अब वे वैसी कोई कार्रवाई न करके अपने को एक अधिक जिम्मेदार राजनेता साबित भी कर रहे हैं। हम किसी की पुरानी बातों को गिनाकर उन्हें उन दावों के मुताबिक आज भी गलत काम करने के लिए उकसाने पर भरोसा नहीं रखते, और चुनावी ललकार को सत्ता में आने के बाद भूल जाना बेहतर रहता है, चाहे वह देश की सरहद हो, या देश के भीतर प्रदेशों की सरहद पर नक्सल हिंसा हो।
छत्तीसगढ़ और केन्द्र सरकार दोनों से यह उम्मीद तो की जाती है कि वे नक्सल हिंसा पर काबू करें, और बेकसूर जवानों की इतनी बड़ी-बड़ी शहादतों को टालने का काम करें, उसे रोकने का काम करें। लेकिन इसके लिए कोई आसान रास्ता नहीं है, और केन्द्र सरकार से हजारों और जवानों की उम्मीद की जा रही है, ताकि नक्सल मोर्चे पर और कड़ी कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई बहुत से कोलैटरल-डैमेज के साथ ही हो पाएगी, जिसका मतलब है कि बेकसूर इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में पिसेंगे। ऐसी नौबत से बचने, अंतहीन खर्च से बचने, और आदिवासी इलाकों में विकास और जनकल्याण जमीन पर लाने के लिए एक दूसरा रास्ता भी सोचना चाहिए, और अपनाना चाहिए, बातचीत का। लोकतंत्र में अलोकतांत्रिक ताकतों को, हिंसक और आतंकी मुजरिमों को बातचीत की टेबिल तक लाने का जिम्मा लोकतांत्रिक संस्थाओं का होता है, जैसे कि आज नक्सल-प्रभावित राज्यों की सरकारों और केन्द्र सरकार का है। यही लोकतंत्र की उपलब्धि होती है कि बंदूकों के साथ-साथ बातचीत का भी इस्तेमाल करके अलोकतांत्रिक ताकतों को लोकतंत्र की मूलधारा में लाया जाए। यही तरीका सबसे कम खून-खराबे का होता है, यही तरीका सबसे सस्ता होता है, और यही तरीका सबसे स्थायी भी होता है। भारत का इतिहास गवाह है कि पिछले कई दशकों में नक्सल हिंसा पर पूरी तरह काबू नहीं हो पाया है, और काबू करने की इस कोशिश में दोनों तरफ की बंदूकों से बड़ी संख्या में बेकसूर मारे गए हैं। ऐसी बेकसूर जिंदगियों को भी ध्यान में रखते हुए सरकारों को नक्सलिायों से बातचीत का रास्ता निकालना चाहिए। ऐसी बातचीत जब होगी, वह सरकारों की और लोकतंत्र की इज्जत बढ़ाएगी। लोकतंत्र में लोकतांत्रिक ताकतों की जिम्मेदारी ही सबसे अधिक होती है। छत्तीसगढ़ चूंकि आज नक्सल हिंसा का केन्द्र बना हुआ है, यहां की सरकार को बंदूकों की कार्रवाई के साथ-साथ बातचीत का रास्ता भी ढूंढना चाहिए, और इस राज्य के पास पिछले बरसों में एक कलेक्टर के अपहरण के बाद नक्सलियों से समझौता-वार्ता का अनुभव भी है।

भाजपा से बाकी पार्टियों को समझने-सीखने की जरूरत

संपादकीय
29 अप्रैल 2017


दिल्ली की लगातार मुख्यमंत्री रह चुकीं शीला दीक्षित ने कल यह कहा कि कांग्रेस के अगले अध्यक्ष होने जा रहे, और आज के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हर दिन दो-तीन घंटे पार्टी ऑफिस में देने चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ऐसा करती थीं, और इसी वजह से वे पार्टी के लोगों से मिल पाती थीं। अब यह सलाह यह भी बताती है कि राहुल गांधी कुछ घंटे भी पार्टी ऑफिस में नहीं बैठते। इस पार्टी का जो सफाया उत्तरप्रदेश में हुआ है, उसके बाद भी अगर पार्टी के भीतर से ऐसी सलाह उठने की नौबत बनी हुई है, तो इस पार्टी का भविष्य अंधकार के सिवाय और क्या होते दिखता है? कांग्रेस पार्टी से ही जिसकी राजनीति चलनी हो और जिसका भविष्य तय होना हो, उसे अगर पार्टी ऑफिस की ही फुर्सत नहीं है, तो फिर पार्टी को कोई दूसरा अध्यक्ष ढूंढना चाहिए, बजाय कुनबे के भीतर के वंशवादी राजतिलक के।
हम इस मुद्दे पर आज नहीं लिखते अगर अभी सामने यह खबर नहीं होती कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 2019 की चुनावी तैयारी के लिए 95 दिनों का भारत भ्रमण कर रहे हैं, और इसी के तहत वे आज जम्मू पहुंचे हैं। किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐसा संगठित दौरा और बैठकों का सिलसिला उस पार्टी के चौकन्ने होने का एक सुबूत होता है। अगले पखवाड़े अमित शाह तीन दिन छत्तीसगढ़ में भी रहने वाले हैं, और जाहिर है कि अपनी पार्टी, और अपनी पार्टी की सरकार, इन दोनों को उन्हें अधिक करीब से देखने का मौका भी मिलेगा, और कार्यकर्ताओं से बेहतर बातचीत भी हो सकेगी। इससे संगठन के लोगों और सरकार पर निश्चित रूप से एक दबाव बनेगा क्योंकि आज पूरे देश में मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने भाजपा को एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचाया है। आज पार्टी एक किस्म से इन्हीं दोनों के कब्जे में दिखती है, और तमाम राज्यों के संगठन भी यह मानकर चल रहे हैं कि मोदी के नाम पर भाजपा चुनाव ठीक उसी तरह जीत रही है जिस तरह कि एक वक्त इंदिरा के नाम पर कांग्रेस जीत जाती थी।
मोदी और अमित शाह से असहमति रखने वाले राजनीतिक दलों को भी उनके कामकाज के तरीके, और उनकी मेहनत से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। आज देश में चारों तरफ मोदी पर यह तोहमत लगाने वाले लोग कम नहीं हैं कि वे अम्बानी और अडानी के हाथों में खेलते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि उन पर, या उनके परिवार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लग पाया है, और देश में यह जनधारणा है कि मोदी राज में भ्रष्टाचार घटा है। इसके अलावा जिस राज्य में चुनाव हुए, वहां पर भाजपा ने बड़ी मेहनत से पहले से तैयारी की, और चुनाव को रणनीति के साथ लड़ा, और बहुत सी जगहों पर जीता भी। धीरे-धीरे करके भाजपा अपने दम पर, और अपने सहयोगी दलों के साथ एक-एक करके देश के इतने बड़े हिस्से पर काबिज हो चुकी है कि जैसा कभी जनसंघ या भाजपा ने सपना भी नहीं देखा था। इसलिए लोकतंत्र के भीतर जिन कानूनी तौर-तरीकों से चुनावी मुकाबला किया जा सकता है, उसकी तैयारी राजनीतिक दलों को आज की भाजपा से सीखने की जरूरत है। आज भारतीय जनता पार्टी कई जगह अपनी सरकारों के रास्ते भ्रष्टाचार में उलझी होगी, लेकिन देश में वामपंथी दलों के अलावा और कौन सी पार्टी है जो कि ऐसे भ्रष्टाचार में उलझी हुई न हो? ऐसी कौन सी पार्टी है जिसने दलबदलुओं को टिकट न दी हो? भारत जैसे संसदीय लोकतंत्र में आखिर में जाकर बस यही मायने रखती है कि कौन सी पार्टी बिना किसी जुर्म में फंसे अपने या पराये लोगों के मार्फत सदन में बहुमत बना सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने आज मोदी-शाह की अगुवाई में पार्टी चलाने, और चुनाव लडऩे के कुछ नए तरीके सामने रखे हैं, उन्हें अपनाना हो, या कि न अपनाना हो, दूसरी पार्टियों को उनका अध्ययन जरूर करना चाहिए। हमें याद नहीं पड़ता कि किसी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष सौ दिनों के राष्ट्रीय दौरे पर इसके पहले इस तरह कभी निकला हो। 

बस्तर की आज की नौबत, सबसे काबिल को जिम्मा देना होगा...

संपादकीय
28 अप्रैल 2017


छत्तीसगढ़ के बस्तर में अभी ताजा नक्सल हमले को लेकर आज विधानसभा के एक दिन के सत्र में बहस चल रही है कि राज्य की नक्सल नीति सही है या गलत? यह एक दिन का सत्र वैसे तो जीएसटी विधेयक को राज्य विधानसभा की मंजूरी देने के लिए बुलाया गया है, लेकिन सुकमा का ताजा नक्सल हमला इतना बड़ा मुद्दा है कि उस पर चर्चा बिना पक्ष-विपक्ष एक साथ बैठ नहीं सकते थे। इस बीच कल से दिल्ली से भोपाल होते हुए रायपुर तक यह चर्चा चल रही है कि छत्तीसगढ़ में इस ताजा हमले के बाद अब राज्य के पुलिस-मुखिया को बदलना तय हो चुका है, और इस सिलसिले में एक अफसर का नाम भी हवा में तैर रहा है।
दरअसल बस्तर के हालात हर वक्त ऐसी नौबत लाते हैं कि राज्य सरकार नाकामयाबी की जिम्मेदारी किसी कंधे पर डालते हुए उसे किसी कुर्सी से हटा सके। इसमें पुलिस के अफसर भी हो सकते हैं, प्रशासन के अफसर भी हो सकते हैं, और किसी पद पर बैठे हुए राजनेता भी हो सकते हैं। लेकिन छोटे राज्य की कई दिक्कतों में से एक दिक्कत यह भी रहती है कि गिने-चुने ओहदों और गिने-चुने अफसरों के बीच पसंद-नापसंद की संभावना सीमित रहती है। छत्तीसगढ़ बहुत सी सरकारी कुर्सियों को लेकर यह दुविधा झेल रहा है, और हम यह भी नहीं मानते कि किसी एक वारदात के बाद किसी अफसर को बदलना जरूरी रहता है। यह भी देखने की जरूरत रहती है कि वारदात के लिए सीधे-सीधे जिम्मेदार दिखने वाले अफसरों के पीछे की व्यापक जिम्मेदारी क्या दूसरे अफसरों पर तो नहीं है? और बाकी तमाम बातों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सरकार पर आज एक यह दबाव भी बना हुआ है कि आने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए किस-किस बड़े ओहदे पर चेहरे बदले जाएं? और सरकार के सामने एक यह राजनीतिक दुविधा भी रहती है कि हालात सम्हालने के लिए किसी कड़क अफसर को जिम्मा दिया जाए, या फिर किसी नर्म अफसर को तैनात किया जाए ताकि चुनाव के समय सत्तारूढ़ पार्टी के लिए कुछ नर्मी भी हासिल रहे।
हमारा यह मानना है कि बस्तर का मोर्चा अपने आपमें महज बंदूकों की तैनाती से नहीं जीता जा सकता। इसके लिए प्रशासन के राजधानी से लेकर ब्लॉक स्तर तक के लोगों को संवेदनशील अगर नहीं बनाया जाएगा, तो पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा बलों की जान तो फालतू में जाती रहेगी। सरकार को किसी हमले के बाद प्रतिक्रिया के रूप में नहीं, एक दीर्घकालीन योजना और सोच के तहत पूरे के पूरे प्रशासन को अधिक संवेदनशील, और कम भ्रष्ट बनाना होगा। आज खासकर बस्तर में यह बात बिल्कुल ही उल्टी है, अफसर और नेता वहां पर अधिक भ्रष्ट हैं, और कम संवेदनशील हैं। ऐसे में नक्सलियों को जमीन से उखाडऩा करीब-करीब नामुमकिन लगता है। अब तो यह भी लगने लगा है कि नक्सली आतंक के तले गांव के लोग उनके साथ रहते आए थे, लेकिन अब वे कुछ हद तक उनसे हमदर्दी भी रखने लगे हैं, क्योंकि वहां पर पुलिस और बाकी सरकारी अमला अपने को जनता का हमदर्द साबित नहीं कर पाए हैं।
हम विधानसभा या विधानसभा के बाहर सत्तापक्ष या विपक्ष के बीच नक्सल मोर्चे की सोच में किसी जरूरत का फर्क नहीं देखते, लेकिन हम यह जरूर देखते हैं कि काम करने के तौर-तरीकों में एक बुनियादी फेरबदल की जरूरत है। जब राज्य सरकार के फैसले बड़े अफसरों की तैनाती में बड़ी कड़ी पसंद या नापसंद से होने लगते हैं, तो जाहिर है कि कम काबिल लोग भी अधिक बड़ी जिम्मेदारी पा जाते हैं। सरकार को यह सोचना होगा कि उसकी पसंद कोई खास अफसर हैं, या कि व्यापक जनहित है? आने वाले हफ्तों में सरकार को ऐसे कई कड़वे फैसले करने पड़ सकते हैं, और अगर ये फैसले गलत हुए, मौजूदा सरकार के इस कार्यकाल में नौबत जरा भी नहीं सुधर पाएगी। सरकार को बड़े कड़े दिल के साथ सबसे काबिल लोगों को जिम्मा देना होगा।

अक्षय तृतीया के मौके पर एक चर्चा बालविवाह से महिला आरक्षण तक

संपादकीय
27 अप्रैल 2017


अक्षय तृतीया का मौका भारत के कई हिस्सों में बालविवाह लेकर आता है। इसके खिलाफ कानून बने एक जमाना हो गया, लेकिन गांव-जंगल और शहरों में भी होने वाले बालविवाह को रोक पाना सरकार के लिए एक मुश्किल काम होता है। एक तरफ तो मुस्लिम समाज में शरीयत का हवाला देकर कमउम्र बच्चियों की शादी को कानूनी ठहराने और करने की जिद कई जगहों पर देखने को मिलती है, लेकिन दूसरी तरफ हिन्दू समाज में, या आदिवासियों में भी बालविवाह जारी हैं। कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें जागरूक हो चुकी बच्चियों ने खुद पुलिस या अफसरों के पास जाकर अपनी होने जा रही शादी को रूकवाया है।
लोगों को यह समझाने की जरूरत है कि कमउम्र के बच्चों की जब शादी कर दी जाती है, और कमउम्र की लड़की मां बन जाती है, तो उस लड़की की सेहत तो तबाह होती ही है, ऐसे बच्चे की सेहत भी खराब से शुरू होती है, और जिंदगी की आखिर तक कई हिसाब से कमजोर बनी रहती है। यह बात चिकित्सा वैज्ञानिकों ने निर्विवाद रूप से साबित की है कि कमउम्र में मां बनने वाली लड़की एक कमजोर बच्चे को जन्म देती है, और खुद की सेहत भी खतरे में डालती है। लेकिन भारत के बहुत से समाजों में लड़की की जुबान नहीं होती है, और मां-बाप जब और जहां, जैसे चाहें उसे एक खूंटे से बांध देने की तरह किसी लड़के से बांध देते हैं। इस बारे में न सिर्फ सरकार की कोशिश की जरूरत है, बल्कि समाज के भीतर लोगों को बालविवाह रोकने के लिए मेहनत करनी पड़ेगी। आज एक बड़ी चुनौती यह है कि जिन इलाकों या जिन समाजों में बालविवाह का प्रचलन है, वहां पर पड़ोसी या रिश्तेदार, या कि जात-बिरादरी के लोग चूंकि शादी के जलसे में शामिल होते हैं, इसलिए उनकी दिलचस्पी ऐसे जलसों को रोकने की नहीं होती। पुलिस में भी बहुत से मामलों में ऐसे समाज से आए हुए लोग रहते हैं, और वे भी ऐसी शादियों को अनदेखा करना बेहतर समझते हैं।
सरकार को स्कूल, मितानिन, और अलग-अलग इलाकों में काम करने वाले जनसंगठनों का हौसला बढ़ाकर निगरानी का काम करना चाहिए। ऐसे बालविवाह बड़ी संख्या में अक्षय तृतीया के दिन देखे महूरत पर होते हैं, और इसके कुछ दिन पहले से अगर नजर रखी जाए, और कुछ जिद्दी मां-बाप पर कानूनी कार्रवाई की जाए, तो कुछ बरसों में जाकर हालत सुधर भी सकती है। भारत में लड़कियों ने स्कूली पढ़ाई से लेकर कॉलेजों तक में अपनी काबिलीयत साबित की है, और अपने कुनबे का नाम रौशन भी किया है। ओलंपिक से लेकर बाकी मुकाबलों तक भारत की लड़कियां लड़कों से भी आगे साबित हुई हैं। पिछले दिनों आई कुछ फिल्मों में लड़कियों के गौरव का बखान भी समाज सुधार के काम आना चाहिए, और मां-बाप को यह लगना चाहिए कि लड़की बोझ नहीं है, और वह भी परिवार की ताकत है। यह जागरूकता रातों-रात नहीं आ सकती, और सिर्फ कानून से भी नहीं आ सकती।
आज भारत की भाषाओं और बोलियों में, जिन कहावतों और मुहावरों में लड़की और महिला के लिए अपमान की बात रहती है, उन सबका विरोध करने की जरूरत है। खुद महिलाएं यह नहीं समझ पातीं कि किसी अफसर के या नेता के नालायक होने पर उसे चूडिय़ां भेंट करना खुद महिलाओं का अपमान है, और यह हरकत ऐसा बताती है कि मानो चूडिय़ां कमजोरी का प्रतीक हैं, नालायकी का प्रतीक हैं। भारत की सामाजिक और राजनीतिक चेतना में लड़कियों और महिलाओं को बराबरी सम्मान और हक दिलाने के लिए सड़क से संसद तक लंबा संघर्ष लगेगा, और इसके बिना कन्या भ्रूण हत्या, बालविवाह, कन्याशिक्षा, दहेज हत्या, ऐसे मोर्चों पर समाज में सकारात्मक सोच विकसित नहीं की जा सकेगी। इस बारे में एक कदम संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण का भी उठाने की जरूरत है। इससे सीधे-सीधे आम महिला को फायदा नहीं होगा, लेकिन समाज में महिलाओं के जायज हक की बात मजबूती से स्थापित होगी। लड़कियों और महिलाओं से जुड़े हुए बहुत सारे मामले ऐसे हैं जिन पर साथ-साथ काम करने की जरूरत है, बालविवाह से लेकर महिला आरक्षण तक।