छोटी सी बात

4 मार्च
गंदी जुबान, खासी महंगी
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने अभी एक इंटरव्यू में कहा कि जब वे दस बरस की थीं, तो बोलचाल में बहुत से भद्दे या गंदे शब्द बोल देती थीं। इसका नतीजा यह हुआ कि एक कैम्प में उनको सबसे अच्छे कैम्पर के ईनाम से रह जाना पड़ा। आखिर में जाकर उनको कैम्प के एक परामर्शदाता ने कहा कि उनको यह ईनाम मिलने ही वाला था, लेकिन उनकी गंदी भाषा की वजह से वे रह गईं। 
कुछ बरस पहले की मुझको याद है कि एक नौजवान लड़का मुझसे नौकरी मांगने आया। उसे तो ठीक से याद नहीं पड़ा, मुझे अच्छी तरह याद था कि एक बाजार में वह मेरे सामने अपने कुछ दोस्तों से बात करते हुए गाली-गलौज की जुबान इस्तेमाल कर रहा था, और बेझिझक आते-जाते लोगों के बीच वह कई बार गालियां देते रहा। हालांकि उसकी बातचीत अपने दोस्तों के बीच थी, लेकिन वह एक सार्वजनिक जगह पर थी। और वह इतना गैरजिम्मेदार था कि आसपास के लोगों की उसको कोई परवाह नहीं थी। इसी एक बात ने उसको हमारे अखबार में नौकरी नहीं मिलने दी। उसको यह बताते हुए वापिस भेजा, और इस उम्मीद के साथ कि उसे और उसके कुछ दोस्तों को इससे सबक मिलेगा।        
- सुनील कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें