छोटी सी बात

5 मार्च 2013
बदबू लोगों से दूर ले जाती हैं
कई लोग अपने मुंह, कपड़ों और जूते-मोजों से आती हुई बदबू को लेकर लापरवाह होते हैं। ऐसे लोगों को कुछ लोग तो इस बारे में टोक देते हैं, लेकिन अधिकतर लोग चुप रह जाते हैं और मुंह फेर लेते हैं। ऐसे लोग आगे बढऩे के बहुत से मौके इस छोटी सी लापरवाही से गंवा देते हैं, जिसे की बिना किसी खर्च के ठीक किया जा सकता है। बहुत से लोग दावतों की शोर-गुल वाली पार्टी के बीच ऐसे लोगों से कतराते हैं जो बदबू वाला मुंह पास लाकर कुछ बोलना चाहते हैं।
दांतों को साफ रखना किसी भी तरह खर्चीला नहीं है, लेकिन इसकी आदत डालनी होती है। इसी तरह जब काम के लिए बाहर निकलें, तो प्याज-लहसुन इस तरह खाकर न निकलें कि दिनभर उसकी बदबू आती रहे। अपने कपड़ों को साबुन से धोना जरूरी नहीं होता, लेकिन एक बार इस्तेमाल के बाद दूसरी बार पहनने के पहले साधारण पानी से धोना भी काफी होता है, खासकर गर्मियों में।
लोगों में अपने लिए नापसंदगी पैदा करना ठीक नहीं होता। इससे अपनी सेहत के साथ-साथ सामाजिक रिश्तों और कारोबार का नुकसान भी होता है। लोग आपसे करीब से बात ही नहीं करना चाहते।
-सुनील कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें